श्री सत्यनारायण व्रत कथा (Satyanarayan Vrat Katha): आरती और पूजा विधि
Shri Satyanarayan Vrat Katha in Hindi: श्री सत्यनारायण कथा के पाँचों अध्याय आसान हिंदी में, साथ में सत्यनारायण भगवान जी की आरती, पूजा सामग्री, पूजा विधि और प्रसाद बनाने का तरीका।
अपडेट इतिहास (5)
- शादी के मुहूर्त वाले लिंक के शब्द बदले और तीसरे अध्याय में "चाँद" की जगह "चंद्रमा" लिखा।
- पूजा विधि में अगली पूर्णिमा की तारीख वाले पेज का लिंक जोड़ा।
- कथा के बाद श्री सत्यनारायण भगवान जी की आरती (जय लक्ष्मीरमणा) जोड़ी।
- कथा को स्कंद पुराण के संस्कृत श्लोकों से फिर मिलाया: लकड़हारे को लकड़ियों का दुगुना दाम मिला, साधु वैश्य उस दिन से हर पूर्णिमा और संक्रांति पर पूजा करने लगा, और ग्वालों का अगला जन्म भी जोड़ा।
- शुरुआत की पंक्ति को साफ़ किया: पूर्णिमा की तिथि पर व्रत और सत्यनारायण की पूजा-कथा, और किन मौक़ों पर कथा करवाई जाती है।
सत्यनारायण व्रत कथा भगवान विष्णु के सत्यनारायण रूप की कथा है। यह स्कंद पुराण के रेवा खंड में आती है और इसमें पाँच अध्याय हैं। हर महीने पूर्णिमा की तिथि पर बहुत से लोग व्रत रखते हैं और शाम को सत्यनारायण भगवान की पूजा और कथा करते हैं। इसके अलावा गृह प्रवेश, शादी, बच्चे के जन्मदिन या कोई मनोकामना पूरी होने पर भी यह कथा करवाई जाती है। बहुत से लोग इसे सत्यनारायण भगवान की कथा या पूर्णिमा की कथा भी कहते हैं। नीचे पूरी कथा आसान हिंदी में है, फिर सत्यनारायण भगवान जी की आरती, और उसके बाद पूजा की सामग्री और विधि।
सीधे अध्याय पर जाएँ: पहला · दूसरा · तीसरा · चौथा · पाँचवाँ · आरती · पूजा सामग्री · पूजा विधि · प्रसाद
पहला अध्याय (प्रथम अध्याय): नारद जी का प्रश्न और व्रत की विधि
एक बार नैमिषारण्य तीर्थ में शौनक आदि अठासी हज़ार ऋषि इकट्ठा हुए। उन्होंने सूत जी से पूछा, “हे मुनि, कलियुग में लोग वेद नहीं पढ़ पाते। उनका भला कैसे होगा? कोई ऐसा उपाय बताइए जिससे थोड़े समय में पुण्य मिले और मन की इच्छा भी पूरी हो।”
सूत जी बोले, “आपने सबके भले की बात पूछी है। मैं आपको वह व्रत बताता हूँ जो नारद जी ने भगवान लक्ष्मीनारायण से पूछा था। ध्यान से सुनिए।”
एक बार नारद जी सबका भला सोचते हुए घूमते-घूमते मृत्युलोक, यानी धरती पर आ पहुँचे। यहाँ उन्होंने देखा कि लोग अपने-अपने कर्मों के कारण तरह-तरह के दुख भोग रहे हैं। नारद जी सोचने लगे कि ऐसा क्या उपाय हो जिससे इनके दुख सच में दूर हो जाएँ। यही सोचते हुए वे विष्णुलोक पहुँचे।
वहाँ शंख, चक्र, गदा और कमल धारण किए भगवान नारायण विराजमान थे। नारद जी ने उनकी स्तुति की, “हे प्रभु, मन और वाणी भी आप तक नहीं पहुँच पाते। आपका न आदि है, न अंत। आप भक्तों के दुख दूर करते हैं। आपको मेरा प्रणाम।”
भगवान बोले, “हे नारद, किस काम से आए हो? मन की बात बिना झिझक कहो।”
नारद जी ने कहा, “प्रभु, धरती पर लोग अपने कर्मों से बहुत दुखी हैं। अगर मुझ पर आपकी कृपा है, तो बताइए कि थोड़े से प्रयास में उनके दुख कैसे दूर हों।”
भगवान बोले, “नारद, तुमने लोगों के भले की बहुत अच्छी बात पूछी है। एक ऐसा व्रत है जो स्वर्ग और धरती दोनों पर दुर्लभ है और बहुत पुण्य देता है। वह है सत्यनारायण का व्रत। इसे विधि से करने वाला इस जीवन में सुख पाता है और अंत में मोक्ष।”
नारद जी ने पूछा, “प्रभु, इस व्रत का फल क्या है? विधि क्या है? किसने यह व्रत किया? और इसे किस दिन करना चाहिए?”
भगवान ने बताया, “यह व्रत दुख और शोक दूर करता है और हर जगह जीत दिलाता है। इसे किसी भी दिन कर सकते हैं। शाम के समय, ब्राह्मणों और अपने परिवार के साथ, श्रद्धा से सत्यनारायण की पूजा करें। भोग के लिए केला, घी, दूध और गेहूँ का आटा सवाया मात्रा में लें। गेहूँ का आटा न हो, तो चावल का आटा लें। साथ में शक्कर या गुड़ मिलाएँ। सब मिलाकर भगवान को भोग लगाएँ।”
“फिर कथा सुनें और प्रसाद लें। ब्राह्मणों और परिवार को भोजन कराएँ, फिर ख़ुद भोजन करें। भजन-कीर्तन करें और भगवान को याद करें। ऐसा करने से मन की इच्छा पूरी होती है। कलियुग में धरती पर यही सबसे सरल उपाय है।”
इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का पहला अध्याय संपूर्ण॥
श्रीमन्न नारायण नारायण नारायण।
भज मन नारायण नारायण नारायण।
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
दूसरा अध्याय (द्वितीय अध्याय): काशी का ब्राह्मण और लकड़हारा
सूत जी बोले, “हे ऋषियों, अब सुनिए कि पहले यह व्रत किसने किया।”
सुंदर काशी नगरी में एक बहुत गरीब ब्राह्मण रहता था। भूख और प्यास से परेशान, वह रोज़ भीख माँगने के लिए इधर-उधर भटकता था। भगवान को उस पर दया आई। एक दिन वे एक बूढ़े ब्राह्मण का रूप लेकर उसके पास आए और पूछा, “हे ब्राह्मण, तुम इतने दुखी होकर क्यों भटकते हो?”
गरीब ब्राह्मण बोला, “मैं बहुत गरीब हूँ। भिक्षा के लिए घूमता रहता हूँ। आप कोई उपाय जानते हों, तो बताइए।”
बूढ़े ब्राह्मण ने कहा, “सत्यनारायण भगवान मन की इच्छा पूरी करते हैं। तुम उनका व्रत करो। इससे सारे दुख दूर हो जाते हैं।” फिर उन्होंने व्रत की पूरी विधि बताई और वहीं से अंतर्धान हो गए।
ब्राह्मण ने मन में ठान लिया कि वह यह व्रत ज़रूर करेगा। उस रात उसे नींद नहीं आई। सुबह वह व्रत का संकल्प लेकर भिक्षा माँगने निकला। उस दिन उसे बहुत धन मिला। उसी धन से उसने अपने परिवार के साथ सत्यनारायण का व्रत किया। इसके बाद उसके सारे दुख दूर हो गए और घर में सुख-समृद्धि आ गई। तब से वह हर महीने यह व्रत करने लगा।
ऋषियों ने पूछा, “उस ब्राह्मण से सुनकर और किस-किसने यह व्रत किया?”
सूत जी बोले, “एक दिन वही ब्राह्मण अपने परिवार के साथ व्रत कर रहा था। उसी समय एक बूढ़ा लकड़हारा वहाँ आया। उसने लकड़ियों का गट्ठर बाहर रखा और प्यास से बेहाल होकर ब्राह्मण के घर में आया। व्रत होते देखकर उसने प्रणाम किया और पूछा, ‘आप यह क्या कर रहे हैं? इससे क्या फल मिलता है? मुझे भी बताइए।’”
ब्राह्मण ने कहा, “यह सत्यनारायण भगवान का व्रत है। यह हर इच्छा पूरी करता है। इन्हीं की कृपा से मेरे घर में धन-धान्य बढ़ा है।”
यह सुनकर लकड़हारा बहुत ख़ुश हुआ। उसने चरणामृत और प्रसाद लिया और घर चला गया। रास्ते में उसने मन में संकल्प किया, “आज लकड़ी बेचकर जो पैसा मिलेगा, उसी से मैं सत्यनारायण का व्रत करूँगा।”
वह लकड़ियाँ सिर पर रखकर उस बस्ती में गया जहाँ धनी लोग रहते थे। उस दिन उसे अपनी लकड़ियों का दुगुना दाम मिला। ख़ुशी-ख़ुशी उसने केले, शक्कर, घी, दूध, दही, गेहूँ का आटा और पूजा की बाकी चीज़ें ख़रीदीं। घर आकर उसने परिवार को बुलाया और विधि से सत्यनारायण का व्रत किया। इस व्रत के फल से उसे धन और संतान का सुख मिला, और अंत में वह बैकुंठ धाम गया।
इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का दूसरा अध्याय संपूर्ण॥
श्रीमन्न नारायण नारायण नारायण।
भज मन नारायण नारायण नारायण।
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
तीसरा अध्याय (तृतीय अध्याय): राजा उल्कामुख और साधु वैश्य
सूत जी बोले, “हे मुनियों, अब आगे की कथा सुनिए।”
पुराने समय में उल्कामुख नाम के एक समझदार राजा थे। वे हमेशा सच बोलते थे और अपने मन पर काबू रखते थे। वे रोज़ मंदिर जाते और ब्राह्मणों को दान देकर उन्हें संतुष्ट करते थे। उनकी रानी भी बहुत सुंदर और पतिव्रता थीं। एक दिन दोनों ने भद्रशीला नदी के किनारे सत्यनारायण का व्रत किया।
उसी समय साधु नाम का एक वैश्य, यानी व्यापारी, नाव में बहुत सा माल लेकर वहाँ आया। राजा को व्रत करते देखकर उसने विनम्रता से पूछा, “महाराज, आप इतनी श्रद्धा से यह क्या कर रहे हैं? मुझे भी बताइए।”
राजा ने कहा, “मैं संतान की प्राप्ति के लिए अपने परिवार के साथ सत्यनारायण भगवान का व्रत और पूजा कर रहा हूँ।”
साधु बोला, “महाराज, मुझे इसकी पूरी विधि बताइए। मेरी भी कोई संतान नहीं है। मैं भी यह व्रत करूँगा।” राजा से विधि सुनकर वह अपने घर लौट गया।
घर आकर साधु ने अपनी पत्नी लीलावती को इस व्रत के बारे में बताया और कहा, “जब हमारी संतान होगी, तब मैं यह व्रत करूँगा।” कुछ समय बाद, सत्यनारायण भगवान की कृपा से लीलावती गर्भवती हुई। दसवें महीने में एक सुंदर बेटी का जन्म हुआ। वह शुक्ल पक्ष के चंद्रमा की तरह दिन-ब-दिन बढ़ने लगी। माता-पिता ने उसका नाम कलावती रखा।
एक दिन लीलावती ने प्यार से पति को याद दिलाया, “आपने सत्यनारायण का जो व्रत करने का वचन दिया था, उसका समय आ गया है।” साधु बोला, “प्रिये, यह व्रत मैं इसकी शादी के समय करूँगा।” यह कहकर वह फिर व्यापार के लिए नगर चला गया।
कलावती बड़ी हो गई। एक दिन साधु ने उसे सहेलियों के साथ देखा, तो उसे बेटी की शादी की चिंता हुई। उसने एक दूत को अच्छा वर ढूँढने भेजा। दूत कंचनपुर नगर से एक योग्य व्यापारी के बेटे को ले आया। साधु ने धूमधाम से बेटी की शादी कर दी। पर दुख की बात यह रही कि उसने इस बार भी सत्यनारायण का व्रत नहीं किया।
वचन तोड़ने से भगवान नाराज़ हो गए, और साधु के जीवन में बड़ा दुख आने वाला था।
कुछ दिन बाद साधु अपने दामाद के साथ व्यापार करने समुद्र के किनारे बसे रत्नसारपुर नगर गया। वहाँ राजा चंद्रकेतु का राज था, और ससुर-दामाद वहीं व्यापार करने लगे।
एक दिन भगवान की माया से एक चोर राजा का धन चुराकर भाग रहा था। राजा के सिपाही उसके पीछे थे। घबराकर चोर ने चुराया हुआ धन उसी जगह रख दिया जहाँ साधु और उसका दामाद ठहरे थे। सिपाहियों ने वहाँ राजा का धन देखा, तो ससुर-दामाद दोनों को ही चोर समझकर बाँध लिया और राजा के सामने ले गए। राजा ने उन्हें कड़ी क़ैद में डलवा दिया और उनका सारा धन भी ज़ब्त कर लिया।
उधर घर पर भी दुख टूट पड़ा। घर में रखा सारा धन चोर ले गए। लीलावती और कलावती भूख-प्यास से बेहाल हो गईं। एक दिन भोजन की तलाश में कलावती एक ब्राह्मण के घर पहुँची। वहाँ सत्यनारायण का व्रत हो रहा था। उसने बैठकर कथा सुनी, प्रसाद लिया और रात को घर लौटी।
माँ ने पूछा, “बेटी, इतनी रात तक कहाँ थी?” कलावती बोली, “माँ, मैंने एक ब्राह्मण के घर सत्यनारायण का व्रत होते देखा।”
यह सुनते ही लीलावती को पति का अधूरा वचन याद आ गया। उसने परिवार के साथ सत्यनारायण भगवान की पूजा की और प्रार्थना की, “हे प्रभु, हमसे जो भूल हुई है, उसे क्षमा करें। मेरे पति और दामाद जल्दी घर लौट आएँ।”
भगवान इस व्रत से प्रसन्न हुए। उन्होंने राजा चंद्रकेतु को सपने में दर्शन देकर कहा, “राजन, उन दोनों व्यापारियों को छोड़ दो और उनका धन लौटा दो। नहीं तो मैं तुम्हारा राज्य, धन और संतान सब नष्ट कर दूँगा।”
सुबह राजा ने दरबार में अपना सपना सुनाया और दोनों व्यापारियों को क़ैद से बुलवाया। उन्होंने आकर राजा को प्रणाम किया। राजा ने प्यार से कहा, “किस्मत से आपको यह दुख झेलना पड़ा, पर अब डरने की कोई बात नहीं।” राजा ने उन्हें नए कपड़े और गहने दिए, और जितना धन लिया था, उसका दुगुना लौटाया। दोनों ख़ुशी-ख़ुशी घर की ओर चल पड़े।
इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का तीसरा अध्याय संपूर्ण॥
श्रीमन्न नारायण नारायण नारायण।
भज मन नारायण नारायण नारायण।
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
चौथा अध्याय (चतुर्थ अध्याय): नाव में लता-पत्ते और कलावती का प्रसाद
सूत जी बोले, “साधु ने शुभ मुहूर्त में यात्रा शुरू की और अपने नगर की ओर चल पड़ा।”
थोड़ी दूर जाने पर सत्यनारायण भगवान एक दंडी साधु का रूप लेकर आए और पूछा, “हे साधु, तुम्हारी नाव में क्या है?”
साधु घमंड में हँसकर बोला, “दंडी जी, आप क्यों पूछते हैं? क्या धन लेने का इरादा है? मेरी नाव में तो बस लता और पत्ते भरे हैं।”
भगवान बोले, “तुम्हारी बात सच हो।” इतना कहकर वे वहाँ से चले गए और कुछ दूर समुद्र के किनारे जाकर बैठ गए।
दंडी के जाने के बाद साधु नित्य कर्म करके लौटा, तो देखा कि नाव पानी में ऊपर उठी हुई है, जैसे हल्की हो गई हो। उसने अंदर झाँका, तो सारा माल लता और पत्तों में बदल चुका था। यह देखकर वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
होश आने पर वह रोने लगा। तब दामाद ने कहा, “आप शोक न करें। यह उस दंडी का शाप है। हमें उनकी शरण में जाना चाहिए। तभी हमारा काम बनेगा।”
साधु दामाद के साथ दंडी के पास गया और प्रणाम करके बोला, “मैंने आपसे झूठ बोला था। मुझे क्षमा कर दीजिए।” यह कहकर वह फूट-फूटकर रोने लगा।
दंडी रूप में भगवान बोले, “हे वणिक, मेरी ही इच्छा से तुम्हें बार-बार दुख मिला है, क्योंकि तुम मेरी पूजा का वचन देकर भी उसे भूल गए।”
साधु बोला, “प्रभु, आपकी माया को ब्रह्मा जैसे देवता भी नहीं समझ पाते, तो मैं अज्ञानी कैसे समझता? आप प्रसन्न हों। अब मैं अपनी सामर्थ्य के अनुसार आपकी पूजा करूँगा। मेरी रक्षा करें और नाव को पहले जैसा धन से भर दें।”
उसकी सच्ची प्रार्थना सुनकर भगवान प्रसन्न हुए, उसे मनचाहा वरदान दिया और अंतर्धान हो गए। ससुर-दामाद नाव पर लौटे, तो नाव फिर से धन से भरी थी। उन्होंने वहीं साथियों के साथ सत्यनारायण की पूजा की और नगर की ओर चल पड़े।
नगर के पास पहुँचकर साधु ने घर पर ख़बर देने के लिए एक दूत भेजा। दूत ने लीलावती को प्रणाम करके कहा, “मालिक दामाद के साथ नगर के पास आ गए हैं।”
यह ख़ुशख़बरी सुनकर लीलावती ने बड़े प्रेम से सत्यनारायण की पूजा की। फिर कलावती से कहा, “मैं तुम्हारे पिता से मिलने जा रही हूँ। तुम पूजा पूरी करके जल्दी आ जाना।”
पर कलावती पति से मिलने की जल्दी में प्रसाद लिए बिना ही दौड़ पड़ी। प्रसाद का अनादर होने से भगवान रुष्ट हो गए, और कलावती का पति नाव सहित पानी में अदृश्य हो गया।
किनारे पहुँचकर कलावती ने पति को नहीं पाया, तो वह रोती हुई ज़मीन पर गिर पड़ी। नाव को डूबा देखकर और बेटी को रोते देखकर साधु बहुत दुखी हुआ और हाथ जोड़कर बोला, “हे प्रभु, मुझसे या मेरे परिवार से जो भूल हुई है, उसे क्षमा करें।”
तब आकाशवाणी हुई, “हे साधु, तुम्हारी बेटी मेरा प्रसाद छोड़कर आई है, इसलिए उसका पति दिखाई नहीं दे रहा। अगर वह घर जाकर प्रसाद खाकर लौटे, तो उसे पति ज़रूर मिलेगा।”
यह सुनकर कलावती तुरंत घर गई, श्रद्धा से प्रसाद लिया और लौट आई। लौटते ही उसे अपने पति के दर्शन हुए। इसके बाद साधु ने पूरे परिवार के साथ विधि से सत्यनारायण की पूजा की और धन व परिवार के साथ अपने घर गया। उस दिन से वह हर पूर्णिमा और संक्रांति पर सत्यनारायण की पूजा करने लगा। इस जीवन में सारे सुख भोगकर अंत में वह बैकुंठ धाम गया।
इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का चौथा अध्याय संपूर्ण॥
श्रीमन्न नारायण नारायण नारायण।
भज मन नारायण नारायण नारायण।
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
पाँचवाँ अध्याय (पंचम अध्याय): राजा तुंगध्वज और ग्वाले
सूत जी बोले, “हे ऋषियों, एक कथा और सुनिए।”
तुंगध्वज नाम के एक राजा थे, जो अपनी प्रजा का अच्छे से पालन करते थे। पर उन्होंने भी भगवान का प्रसाद ठुकराकर बहुत दुख उठाया।
एक बार राजा जंगल में शिकार करने गए। लौटते हुए वे एक बरगद के पेड़ के नीचे आए। वहाँ कुछ ग्वाले अपने परिवार के साथ बड़ी श्रद्धा से सत्यनारायण की पूजा कर रहे थे। राजा ने उन्हें देखा, पर घमंड में न तो पूजा के पास गए, न भगवान को प्रणाम किया।
पूजा के बाद ग्वालों ने राजा को प्रसाद दिया। राजा ने प्रसाद लिया तो सही, पर खाया नहीं। उसे वहीं छोड़कर वे अपने नगर लौट गए।
नगर पहुँचे, तो देखा कि सारा धन-धान्य नष्ट हो चुका है और उनके सौ बेटे भी नहीं रहे। राजा तुरंत समझ गए कि यह प्रसाद के अनादर का फल है। वे फिर उन्हीं ग्वालों के पास गए, उनके साथ विधि से पूजा की और श्रद्धा से प्रसाद खाया। भगवान की कृपा से सब कुछ पहले जैसा हो गया। राजा को फिर से धन और संतान का सुख मिला। लंबे समय तक सुख भोगकर अंत में वे बैकुंठ धाम गए।
सूत जी बोले, “जो इस दुर्लभ व्रत को करता है, उस पर सत्यनारायण भगवान की कृपा होती है। गरीब को धन मिलता है, डरे हुए का डर दूर होता है, और जिसके संतान न हो, उसे संतान सुख मिलता है। सारी इच्छाएँ पूरी होने के बाद अंत में वह बैकुंठ धाम जाता है।”
सूत जी ने आगे बताया कि जिन्होंने पहले यह व्रत किया था, उनका अगला जन्म कैसा हुआ:
- शतानंद ब्राह्मण (काशी का गरीब ब्राह्मण) अगले जन्म में सुदामा बने और श्रीकृष्ण का ध्यान करके मोक्ष पाया।
- लकड़हारा अगले जन्म में निषादराज गुह बना और श्रीराम की सेवा करके मोक्ष पाया।
- राजा उल्कामुख अगले जन्म में राजा दशरथ बने और बैकुंठ गए।
- साधु वैश्य अगले जन्म में धर्मात्मा और सत्यवादी राजा मोरध्वज बने।
- राजा तुंगध्वज अगले जन्म में स्वायंभुव मनु बने।
- ग्वाले अगले जन्म में ब्रज के ग्वाल-बाल बने, जिन्हें श्रीकृष्ण का साथ मिला और जो अंत में गोलोक धाम गए।
इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का पाँचवाँ अध्याय संपूर्ण॥
श्रीमन्न नारायण नारायण नारायण।
भज मन नारायण नारायण नारायण।
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
श्री सत्यनारायण भगवान जी की आरती
कथा पूरी होने के बाद कपूर या घी का दीया जलाकर, परिवार के साथ खड़े होकर यह आरती गाएँ। हर पद के बाद पहली पंक्ति “जय लक्ष्मीरमणा, जय श्री लक्ष्मीरमणा” फिर से गाएँ। जहाँ गानी है, वहाँ हल्के रंग में (जय लक्ष्मीरमणा…) लिखा है।
जय लक्ष्मीरमणा, जय श्री लक्ष्मीरमणा।
सत्यनारायण स्वामी, जन पातक हरणा॥
रत्न जड़ित सिंहासन, अद्भुत छवि राजे।
नारद करत निरंजन, घंटा ध्वनि बाजे॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
प्रकट भये कलि कारण, द्विज को दरश दियो।
बूढ़ो ब्राह्मण बनकर, कंचन महल कियो॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
दुर्बल भील कठारो, जिन पर कृपा करी।
चंद्रचूड़ एक राजा, जिनकी विपत्ति हरी॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
वैश्य मनोरथ पायो, श्रद्धा तज दीन्हीं।
सो फल भोग्यो प्रभुजी, फिर अस्तुति कीन्हीं॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
भाव भक्ति के कारण, छिन-छिन रूप धर्यो।
श्रद्धा धारण कीन्हीं, तिनको काज सर्यो॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
ग्वाल-बाल संग राजा, वन में भक्ति करी।
मनवांछित फल दीन्हों, दीनदयालु हरी॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
चढ़त प्रसाद सवायो, कदली फल मेवा।
धूप, दीप, तुलसी से, राजी सत्यदेवा॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
श्री सत्यनारायण जी की आरती, जो कोई नर गावे।
कहत शिवानंद स्वामी, मनवांछित फल पावे॥
(जय लक्ष्मीरमणा…)
श्री सत्यनारायण भगवान की जय॥
कथा का संदेश
पाँचों अध्यायों में बात एक ही है: जो वचन दिया है, उसे निभाएँ, और भगवान के प्रसाद का आदर करें। साधु वैश्य ने व्रत का वचन देकर दो बार टाल दिया, इसलिए दुख उठाया। कलावती और राजा तुंगध्वज ने प्रसाद छोड़ा, तो उन्हें भी दुख मिला। और जब भी किसी ने सच्चे मन से भूल मानी, भगवान ने क्षमा कर दिया।
सत्यनारायण पूजा सामग्री लिस्ट
- सत्यनारायण भगवान (या विष्णु जी) की तस्वीर, या शालिग्राम
- एक चौकी, उस पर बिछाने के लिए पीला या लाल कपड़ा
- केले के पत्ते या खंभे (चौकी के चारों ओर मंडप के लिए, अगर हो सकें)
- कलश, आम के पत्ते, नारियल
- रोली, चावल (अक्षत), फूल, माला, तुलसी दल
- दीया, घी, धूप-अगरबत्ती, कपूर
- पंचामृत के लिए: दूध, दही, घी, शहद, शक्कर
- प्रसाद के लिए: गेहूँ का आटा (या सूजी), घी, शक्कर, केले
- फल और पान-सुपारी
सत्यनारायण पूजा विधि (घर पर)
- दिन और समय: कथा में लिखा है कि यह व्रत किसी भी दिन हो सकता है। ज़्यादातर लोग पूर्णिमा को करते हैं; अगली पूर्णिमा की तारीख और समय पूर्णिमा कब है पर देखें। शादी के बाद या गृह प्रवेश पर भी यह कथा करवाई जाती है; शादी की तारीख़ अभी तय करनी हो, तो शादी के शुभ मुहूर्त देख लें। कथा शाम को करने की परंपरा है।
- तैयारी: नहाकर साफ़ कपड़े पहनें। चौकी पर कपड़ा बिछाकर भगवान की तस्वीर रखें, कलश रखें और हो सके तो केले के पत्तों से मंडप बनाएँ।
- संकल्प: हाथ में जल और अक्षत लेकर मन में व्रत का संकल्प लें।
- पूजा: पहले गणेश जी को याद करें, फिर सत्यनारायण भगवान को फूल, तुलसी दल, रोली और अक्षत चढ़ाएँ। पंचामृत से स्नान कराएँ या पंचामृत का भोग लगाएँ।
- कथा: परिवार के साथ बैठकर पाँचों अध्याय पढ़ें या सुनें। हर अध्याय के बाद जयकारा लगाएँ।
- आरती: कथा के बाद श्री सत्यनारायण भगवान जी की आरती गाएँ।
- प्रसाद: सबको प्रसाद बाँटें और ख़ुद भी ज़रूर लें। कथा का यही सबसे बड़ा संदेश है।
सत्यनारायण का प्रसाद (सवाया प्रसाद) कैसे बनाएँ
कथा में प्रसाद “सवाया” बताया गया है, यानी हर चीज़ सवा मात्रा में: सवा पाव, सवा किलो, जितना आपके परिवार के लिए ठीक हो।
- गेहूँ का आटा (या सूजी) घी में धीमी आँच पर हल्का भूरा होने तक भूनें।
- ठंडा होने पर उसमें पिसी शक्कर मिलाएँ।
- फिर इसमें केले के छोटे टुकड़े मिलाएँ। चाहें तो थोड़े काजू-किशमिश भी डाल दें।
- ऊपर एक तुलसी का पत्ता रखकर भगवान को भोग लगाएँ, फिर सबको प्रसाद बाँटें।
बहुत से घरों में पंचामृत और पंजीरी भी साथ में बनती है। कई घरों में पूर्णिमा की कथा पर खीर भी बनाई जाती है और भगवान को उसका भोग लगाया जाता है। आपके घर में जो परंपरा है, वही अपनाएँ।
स्रोत
- सत्यनारायण व्रत कथा स्कंद पुराण के रेवा खंड में सूत-शौनक संवाद के रूप में आती है। कथा की घटनाएँ, पात्रों के नाम और अगले जन्म की बातें हमने मूल संस्कृत पाठ से मिलाकर लिखी हैं।
- कथा को घरों में पढ़े जाने वाले प्रचलित रूप के अनुसार आसान हिंदी में लिखा गया है। अलग-अलग घरों और पुस्तकों में शब्द थोड़े अलग हो सकते हैं, पर कथा यही रहती है।
कथा के बाद राम नाम या विष्णु जी का नाम जपना चाहें, तो नाम जाप काउंटर से गिनती रख सकते हैं। और भी पढ़ें: हनुमान चालीसा, हनुमान जी की आरती, क्षमा करो अपराध, शरण माँ आया हूँ।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
सत्यनारायण व्रत कथा में कितने अध्याय हैं?
पाँच। पहले अध्याय में व्रत की विधि है। बाकी चार अध्यायों में उन लोगों की कथा है जिन्होंने यह व्रत किया: काशी का ब्राह्मण, लकड़हारा, राजा उल्कामुख, साधु वैश्य और राजा तुंगध्वज।
सत्यनारायण की पूजा किस दिन करें?
कथा में लिखा है कि यह व्रत किसी भी दिन किया जा सकता है। ज़्यादातर लोग पूर्णिमा को करते हैं। गृह प्रवेश, शादी, जन्मदिन या कोई काम पूरा होने पर भी यह पूजा करवाई जाती है।
सत्यनारायण का प्रसाद किस चीज़ से बनता है?
कथा के अनुसार केला, घी, दूध, गेहूँ का आटा और शक्कर या गुड़ मिलाकर सवाया प्रसाद बनता है। गेहूँ का आटा न हो, तो चावल का आटा ले सकते हैं।
सत्यनारायण कथा पढ़ने में कितना समय लगता है?
आराम से, साफ़ बोलकर पढ़ें तो पाँचों अध्याय में लगभग आधा घंटा लगता है। पूजा और आरती मिलाकर पूरी पूजा में डेढ़ से दो घंटे लग जाते हैं।
क्या पंडित जी के बिना घर पर कथा पढ़ सकते हैं?
हाँ। परिवार के साथ बैठकर कोई भी सदस्य श्रद्धा से कथा पढ़ सकता है। ऊपर पाँचों अध्याय पूरे दिए हैं।
सत्यनारायण भगवान की आरती कौन-सी गाते हैं?
कथा के बाद ज़्यादातर घरों में "जय लक्ष्मीरमणा, जय श्री लक्ष्मीरमणा" आरती गाई जाती है। इसके हर पद में कथा के पात्र आते हैं: बूढ़ा ब्राह्मण, भील (लकड़हारा), राजा, वैश्य और ग्वाले। पूरी आरती इसी पेज पर कथा के बाद दी है।
कथा के बाद प्रसाद लेना ज़रूरी क्यों है?
पूरी कथा का संदेश यही है। कथा में कलावती और राजा तुंगध्वज ने प्रसाद छोड़ दिया था, इसलिए उन्हें दुख उठाना पड़ा। इसलिए कथा सुनने के बाद प्रसाद ज़रूर लें और सबको बाँटें।
क्या व्रत करने से मनोकामना पक्की पूरी होती है?
इसका कोई वादा नहीं किया जा सकता। यह आस्था की बात है, और Hifi Astro इसके असर का कोई दावा नहीं करता।
और गाइड
- आदित्य हृदय स्तोत्र हिंदी में (Aditya Hridaya Stotra): अर्थ सहितAditya Hridaya Stotra in Hindi: पूरा आदित्य हृदय स्तोत्र (31 श्लोक) संस्कृत में, Hinglish और हर श्लोक के आसान अर्थ के साथ। साथ में कब, कितनी बार और कैसे पढ़ें।
- दिवाली 2026 पर लक्ष्मी प्राप्ति की मंत्र साधना: धनतेरस से भाई दूज तक की पूरी विधिDiwali 2026 Lakshmi mantra sadhna vidhi: अगर आप धन प्राप्ति चाहते हैं, तो इस दिवाली धनतेरस से भाई दूज तक ये लक्ष्मी मंत्र साधना करें।
- हनुमान जी की आरती हिंदी में (Aarti Kije Hanuman Lala Ki): अर्थ सहित और आरती की विधिHanuman Ji Ki Aarti Lyrics in Hindi: आरती कीजै हनुमान लला की पूरी हिंदी में, Hinglish और हर पंक्ति के अर्थ के साथ। साथ में आरती की विधि और कब करें।
- हनुमान चालीसा हिंदी में (Hanuman Chalisa Lyrics): जय हनुमान ज्ञान गुन सागरJai Hanuman Gyan Gun Sagar: पूरी हनुमान चालीसा हिंदी में, Hinglish और हर चौपाई के आसान अर्थ के साथ। साथ में पाठ की विधि, और किस काम के लिए कौन-सी चौपाई पढ़ें।
